अजमेर, 25 मार्च 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अजमेर पुलिस ने ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई करते हुए 345 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 24 मार्च को जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में की गई।अभियान के तहत 378 पुलिसकर्मियों की 101 टीमें गठित की गईं, जिन्होंने जिले के 379 संवेदनशील एवं चिन्हित स्थानों पर एक साथ सघन दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 36 प्रकरण दर्ज कर 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें आबकारी, जुआ, एनडीपीएस, आर्म्स और अन्य विशेष अधिनियम शामिल हैं।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 121 स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा। वहीं, टॉप-10 सक्रिय अपराधियों सहित 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 2 इनामी अपराधी भी पुलिस के हत्थे चढ़े।अभियान में एसआर प्रकरणों में वांछित 7 तथा नॉन-एसआर प्रकरणों में वांछित 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 87 हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधियों की जांच-पड़ताल की गई और 161 अन्य निरोधात्मक कार्रवाइयां भी की गईं।जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार की सघन कार्रवाई से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।