केकड़ी |थाना केकड़ी शहर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की ठगी में प्रयुक्त संदिग्ध बैंक खातों (म्यूल बैंक) खाता धारक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “म्यूल हंटर” के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील तथा पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा के मार्गदर्शन में केकड़ी शहर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की।जांच के दौरान एक संदिग्ध बैंक खाते में साइबर फ्रॉड की राशि आने की पुष्टि हुई। यह खाता अशोक कुमार रेगर निवासी प्रान्हेड़ा के नाम पर पाया गया। जांच में सामने आया कि 1 अगस्त 2025 से 18 अगस्त 2025 के बीच इस खाते में देशभर से साइबर ठगी के करीब 17 लाख 92 हजार रुपये जमा हुए।पुलिस द्वारा समन्वय पोर्टल 1930 पर प्राप्त शिकायतों की जांच में इस खाते से जुड़ी कुल 8 शिकायतें सामने आईं, जो तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, बिहार और उत्तरप्रदेश जैसे राज्यों से संबंधित हैं।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपना बैंक खाता एक परिचित को उपयोग के लिए दे रखा था, जिसका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम ट्रांजेक्शन के लिए किया गया। इसके बाद पुलिस ने विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।इस संबंध में थाना केकड़ी शहर में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय कारागार अजमेर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम के बनवारीलाल, नीरज कुमार, तेजमल और धनराज की विशेष भूमिका रही।