केकड़ी, 1 अक्टूबर। चुनाव आयोग द्वारा जारी कैलेंडर एवं जिला परिषद अजमेर के निर्देशानुसार विश्व वृद्धजन दिवस के अवसर पर केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में 100 वर्ष या इससे अधिक आयु के वृद्ध मतदाताओं का सम्मान किया गया। केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में ऐसे 29 शतायु वृद्धजन हैं, जिन्हें सम्मानित किया गया।केकड़ी शहर में 102 वर्षीय संतोष देवी को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम केकड़ी सुरेश कुमार तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार केकड़ी सत्यनारायण लोहार ने माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त, राजस्थान की ओर से जारी प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।इसी क्रम में सरवाड़ में 104 वर्षीय राजी देवी, 101 वर्षीय नाती देवी एवं 103 वर्षीय वातुल बानो को तहसीलदार सरवाड़ दिनेश चन्द्र ने सम्मानित किया। वृद्धजनों को माल्यार्पण कर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम के दौरान स्वीप टीम के जयकांत शर्मा, रमेश माली, अनुज शर्मा, गोपाल धाकड़, सुमन यादव, जितेश माली एवं बनवारी लाल ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य शतायु मतदाताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनके योगदान को रेखांकित करना रहा।