16 नवंबर, सावर। चुनावी रंजिश के चलते बोलेरो कैंपर से मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर युवक पर लाठी-डंडों और पाइप से जानलेवा हमला करने के मामले में सावर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी धर्मराज उर्फ सिंदू (33) पुत्र हनुमान प्रसाद वैष्णव निवासी सदारा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार सदारा निवासी शिवराज ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई आशाराम मोटरसाइकिल से सावर रोड स्थित घर से गांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में बोलेरो कैंपर सवार धर्मराज और उसके 5-6 अन्य साथियों ने चुनावी रंजिश को लेकर उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और पाइप से उस पर हमला कर दिया। हमले में आशाराम के पैरों सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे सावर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर भीलवाड़ा रेफर किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के सुपरविजन में थानाधिकारी बनवारी लाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद मुख्य आरोपी धर्मराज उर्फ सिंदू को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दो अन्य मामलों में भी वांछित चल रहा था। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।इनकी रही भूमिका: कार्रवाई में थानाधिकारी बनवारी लाल, नाहर सिंह मीणा, किशन, सज्जन, नवल सिंह, शिवप्रकाश, महेन्द्र, राकेश और अरुण कुमार शामिल रहे।