पंचायत चुनाव: केकड़ी में कांग्रेस के 12 और भाजपा के 9 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन
पंचायत समिति सदस्य चुनाव के लिए सोमवार को कांग्रेस के 12 और भाजपा के 9 प्रत्याशियों सहित कुल 21 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के अनुसार, नामांकन दाखिल करने का मंगलवार, 13 अक्टूबर को अंतिम दिन है। दोपहर 3:30 बजे तक ही नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। केकड़ी, सरवाड़ और सावर पंचायत समितियों में 22 अक्टूबर को मतदान होगा। तीनों पंचायत समितियों की 67 ग्राम पंचायतों में 235 मतदान बूथ बनाए गए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।
KEKRI • REUTERS
Govind Vaishnav
Chief Editor
Oct 12, 2026 • 4:11 PM IST
Share This Story
केकड़ी, 12 अक्टूबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत केकड़ी पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार को कांग्रेस और भाजपा के कुल 21 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें कांग्रेस के 12 और भाजपा के 9 प्रत्याशी शामिल हैं।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि पंचायत समिति के विभिन्न वार्डों के लिए सोमवार को उपखंड कार्यालय में नामांकन पत्र प्राप्त किए गए। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित है। मंगलवार को दोपहर 3:30 बजे तक ही नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित समय के बाद नामांकन नहीं लिया जाएगा।
भाजपा-कांग्रेस ने इन वार्डों में उतारे प्रत्याशी
रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, सोमवार को भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 12 से हंसराज, वार्ड 4 से रामप्यारी, वार्ड 6 से जोना जाट, वार्ड 10 से गोपाल मीणा, वार्ड 11 से किरण कुमावत, वार्ड 14 से प्रियदर्शनी, वार्ड 7 से गुमानी, वार्ड 5 से मदनलाल और वार्ड 8 से गजराज कीर ने नामांकन दाखिल किया।
वहीं, कांग्रेस की ओर से वार्ड 2 से गलोल और भरतसिंह, वार्ड 4 से सोनिया कुमारी बैरवा, वार्ड 6 से समोक देवी, वार्ड 7 से शांति, वार्ड 8 से सोनू देवी, वार्ड 10 से सीताराम, वार्ड 11 से रामकन्या, वार्ड 12 से मनीष कुमार रेगर, वार्ड 13 से गीता देवी, वार्ड 14 से शिमला और वार्ड 15 से पूजा ने नामांकन प्रस्तुत किया।
पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण में केकड़ी, सरवाड़ और सावर पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 22 अक्टूबर को मतदान होगा। तीनों पंचायत समितियों की 67 ग्राम पंचायतों में कुल 235 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें केकड़ी पंचायत समिति की 22 ग्राम पंचायतों में 83, सरवाड़ की 25 ग्राम पंचायतों में 84 तथा सावर की 20 ग्राम पंचायतों में 68 मतदान बूथों पर मतदान कराया जाएगा।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन, संवीक्षा, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया 15 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी। मतदान दल 21 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अजमेर से रवाना होंगे। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, माखुपुरा, अजमेर में होगी।
Morning Digest ☀️
Get the day's biggest stories delivered to your inbox every morning at 7 AM