केकड़ी। तीन दिवसीय भगवान महावीर जयंती महोत्सव के अंतर्गत सकल जैन समाज के तत्वावधान में आज रविवार को देवगांव गेट के समीप स्थित दिगंबर जैन माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 275 से अधिक रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर वर्तमान शासन नायक महावीर स्वामी द्वारा प्रतिपादित 'जीवों और जीने दो' की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित इस रक्तदान शिविर को लेकर न केवल जैन समाज अपितु नगर के युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। प्रारम्भ में जैन समाज के कैलाशचंदसोनी, भंवरलाल बज, जितेंद्र सिंघवी, हिम्मतसिंह धूपिया, अनिल मित्तल, प्रोफेसर के सी जैन एवं कैलाशचंदसोनी मेवदा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर के प्रारंभ से ही रक्तदान देने के लिए महिला-पुरुषों का तांता लग गया। लोगों के उत्साह के चलते सुबह के प्रथम सत्र में ही सौ से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित हो गया। रक्तदान का क्रम शाम होने तक जारी रहा। रक्तदान करने में महिलाओं ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। शिविर में करीब पचास महिला पुरुष ऐसे थे, जिन्होंने जीवन में प्रथम बार रक्तदान किया। रक्तदाताओं में कई लोग ऐसे भी थे, जिनका जन्मदिन था और उन्होंने इस अवसर पर रक्तदान कर मानव सेवा के कार्य में अपनी सहभागिता अदा की। शिविर में कुल 275 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
शिविर के दौरान पहले चरण में क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम ने भी शिविर स्थल पहुंचकर रक्तदाताओं का अभिनंदन किया और मानव सेवा से जुड़े इस कार्य के आयोजन के लिए जैन समाज की सराहना की। इस अवसर पर उन्होनें कहा कि खून की कमी से किसी का भी जीवन संकट में नहीं आना चाहिए। चूंकि रक्त कृत्रिम रूप से बनाया नहीं जा सकता, इसलिए रक्तदान को महादान कहा गया है और यह मानव सेवा का असाधारण व अतुलनीय कार्य है। इससे पूर्व जैन समाज के पदाधिकारियों व वरिष्ठजनों ने तिलक, माल्यार्पण व साफा बांधकर विधायक गौतम का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन भी मौजूद थे।
शिविर के अंतर्गत राजकीय चिकित्सालय, केकड़ी, जनाना अस्पताल, अजमेर एवं वंदे ब्लड सेंटर, जगतपुरा, जयपुर की चिकित्सा टीमों ने रक्त संग्रहित किया। शिविर में दुर्लभ ब्लड ग्रुप के दर्जनों रक्तदाताओं ने भी रक्तदान किया, साथ ही ऐसे कुछ रक्तदाताओं को किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए रिजर्व के रूप में सूचीबध्द किया गया। शिविर में जैन सोशल ग्रुप व जिनागम सेवा संघ के युवा कार्यकर्ताओं एवं श्री सुधासागर स्कूल के विद्यार्थियों ने शिविर की व्यवस्थाओं को बेहतरीन ढंग से अंजाम दिया।