बिजयनगर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र बिजयनगर में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग अब तेज हो गई है। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंकित तातेड़ ने जयपुर-असरवा एक्सप्रेस (19703/04) एवं हमसफर एक्सप्रेस (22403/04) का बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने को लेकर भारत सरकार के रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (GM) को पत्र प्रेषित किया है।अंकित तातेड़ ने पत्र में उल्लेख किया कि बिजयनगर क्षेत्र व्यापार, उद्योग एवं शिक्षा का प्रमुख केंद्र होने के बावजूद इन महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से आमजन, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं मरीजों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव बिजयनगर स्टेशन पर किया जाता है तो इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।उन्होंने बताया कि इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन भी रेलवे प्रशासन को भेजा गया है तथा जनभावनाओं को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा की गई है।क्षेत्रवासियों ने भी रेलवे प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि बिजयनगर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है, जिसे अब जल्द पूरा किया जाना चाहिए।