2 अप्रैल, शाहपुरा (भीलवाड़ा) : शाहपुरा उपखंड क्षेत्र के ग्राम आमली बारेठ में आज हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर एक भव्य और विशाल हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है और ग्रामीणों में खासा उल्लास देखने को मिल रहा है।आयोजन से जुड़े खुशराज वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अवसर पर प्रदेश और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से ख्यातनाम हास्य कवियों को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी चुस्त-चुटीली हास्य-व्यंग्य रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को देर रात तक गुदगुदाएंगे। कार्यक्रम में भक्ति रस और हास्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय और आनंदमय बना रहेगा।उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा और यातायात की भी समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और श्रोताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साहित्य प्रेमियों और ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है। हनुमान जन्मोत्सव के इस खास मौके पर आयोजित यह कवि सम्मेलन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती देगा, बल्कि हास्य के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश भी प्रदान करेगा।