शाहपुरा 12 जून। क्षेत्र में गंभीर रूप से घायल एक नीलगाय को बचाने के लिए टीम बालाजी गोवंश हेल्पलाइन एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कई घंटे तक प्रयास किए, लेकिन नीलगाय की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार बाबूलाल गुर्जर ने घायल नीलगाय की सूचना राजस्थान प्रांत प्रमुख राजेश सेन को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने करीब तीन घंटे तक लगातार समन्वय करते हुए विभिन्न टीमों और सहयोगियों से संपर्क किया। महावीर गुर्जर ने भी दूरभाष के माध्यम से आवश्यक सहयोग जुटाने का प्रयास किया।घटना की सूचना पर आशु बरियावल, स्वराज गुर्जर, भागचंद गुर्जर और खुशीराम गुर्जर मौके पर पहुंचे। वहीं कादेड़ा के सचिव ओमप्रकाश मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग की ओर से पूनम मीणा ने भी आवश्यकता पड़ने पर मौके पर पहुंचकर उपचार में सहयोग का आश्वासन दिया।घायल नीलगाय को उपचार के लिए कादेड़ा या कोटड़ी गौशाला ले जाने की तैयारी की गई थी। इसके लिए स्वराज गुर्जर ने निःशुल्क वाहन उपलब्ध कराने की भी सहमति दी। हालांकि सभी प्रयासों के बावजूद नीलगाय को बचाया नहीं जा सका।टीम बालाजी गोवंश हेल्पलाइन ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया तथा वन्यजीवों और गोवंश की सेवा के प्रति अधिक संवेदनशील एवं सजग रहने का आह्वान किया।