केकड़ी, 15 अप्रैल  : शहर में बुधवार को राजस्व विभाग ने पटवार भवन के समीप स्थित सरकारी भूमि पर चल रहे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवाया और कब्जा खाली करवाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस जाप्ता भी मौके पर तैनात रहा, जिससे पूरा अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।पटवारी अजीत मीणा ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी है, जिस पर अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस जमीन का पट्टा मीना देवी पत्नी बालूराम के नाम से बनाया गया था जिसकी वैधता की जांच की जा रही है।वहीं मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब यह सामने आया कि नगर पालिका के कुछ जिम्मेदार कार्मिकों की मिलीभगत से सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे का ही पट्टा जारी कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पटवार भवन की इस सरकारी भूमि का पट्टा जारी करवाया गया था।बताया जा रहा है कि संबंधित विभाग द्वारा अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर पट्टा निरस्त करने, निर्माण कार्य तुरंत रुकवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।