केकड़ी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 11 जुलाई को प्रस्तावित केकड़ी दौरे को लेकर बार एसोसिएशन केकड़ी ने जिला बहाली के मुद्दे पर मुलाकात का समय मांगा है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने सोमवार को उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट के लिए समय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। ज्ञापन में बताया गया है कि मुख्यमंत्री केकड़ी प्रवास के दौरान नसीराबाद-देवली राजमार्ग की बहुउद्देशीय परियोजना के प्रथम चरण के कार्य का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर बार एसोसिएशन का शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर केकड़ी की जिला बहाली के संबंध में विस्तार से चर्चा करना चाहता है तथा व्यक्तिगत रूप से ज्ञापन सौंपना चाहता है।बार एसोसिएशन ने पत्र में उल्लेख किया है कि जिला बहाली की मांग को लेकर संगठन लगातार आंदोलनरत है और प्रत्येक माह की 28 तारीख को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजे जा रहे हैं। अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने उपखंड अधिकारी से आग्रह किया है कि मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट के लिए समय निर्धारित करवाकर इसकी सूचना समय पर उपलब्ध कराई जाए।