KEKRI
बार काउंसिल चुनाव: केकड़ी बार ने दिखाया दम, आहूजा के समर्थन में जुटे अधिवक्ता
केकड़ी बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव में नामांकन दाखिल करने पर मनोज आहूजा का भव्य स्वागत किया गया। वक्ताओं ने इसे केकड़ी बार के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए अधिवक्ताओं से एकजुट होकर आहूजा को समर्थन देने का आह्वान किया। सभी ने इसे व्यक्तिगत नहीं, बल्कि अधिवक्ता समाज की अस्मिता और सम्मान की सामूहिक लड़ाई बताया। समारोह में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने एकजुटता का संकल्प लेते हुए अधिकतम समर्थन सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई।
Govind Vaishnav
Chief Editor
Apr 06, 2026 • 7:16 PM IST
केकड़ी। बार एसोसिएशन केकड़ी के तत्वावधान में सोमवार को बार कार्यालय परिसर में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव में केकड़ी बार के पूर्व अध्यक्ष मनोज आहूजा द्वारा नामांकन दाखिल करने पर आहूजा अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी के साथ अभिनन्दन किया। इस दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी के साथ माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर उनका स्वागत किया और अधिवक्ता हितों के लिए उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। समारोह में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने अपने संबोधन में कहा कि केकड़ी बार के इतिहास में यह पहला अवसर है जब यहां से कोई अधिवक्ता बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव मैदान में उतरा है, जो पूरे संगठन के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे मनोज आहूजा को अपना प्रथम वरीयता का मत दें और अन्य बार एसोसिएशनों के अधिवक्ताओं से संपर्क कर उन्हें भी समर्थन के लिए प्रेरित करें, ताकि केकड़ी बार का नाम पूरे प्रदेश में सम्मान के साथ स्थापित हो सके। वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि यह छोटे शहर की बार के लिए बड़े गर्व का क्षण है और मनोज आहूजा ने हमेशा अधिवक्ताओं की आवाज को मजबूती से उठाया है। उन्होंने अपने कार्यकाल में भी अधिवक्ता हितों के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए हैं, इसलिए अब समय है कि हम सभी एकजुट होकर उन्हें सशक्त समर्थन दें। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद हुसैन ने कहा कि केकड़ी बार का प्रत्येक अधिवक्ता अपना प्रथम वरीयता का मत मनोज आहूजा को दे और अपने संपर्क में आने वाले हर अधिवक्ता को भी उनके समर्थन के लिए प्रेरित करे, क्योंकि यह चुनाव केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज की एकता और सम्मान का प्रतीक है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र अग्रवाल, भंवर सिंह राठौड़, नवल किशोर पारीक, सूर्यकांत दाधीच, अपर लोक अभियोजक मोहिंदर जोशी, दशरथ सिंह, महेंद्र चौधरी, रोडूमल सोलंकी सहित अनेक अधिवक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मनोज आहूजा का बार काउंसिल तक पहुँचना केकड़ी बार के लिए गौरव का विषय होगा और इससे स्थानीय अधिवक्ताओं को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। समारोह के दौरान सैकड़ों अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं मनोज आहूजा को मत देंगे, बल्कि अन्य अधिवक्ताओं को भी संगठित कर उनके समर्थन में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए आपसी समन्वय और रणनीति पर भी चर्चा की गई, जिससे चुनाव में मजबूत परिणाम हासिल किया जा सके। अंत में मनोज आहूजा ने अपने संबोधन में कहा कि केकड़ी बार उनके लिए मदर बार के समान है, जहां से उन्हें पहचान और सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव उनके लिए व्यक्तिगत नहीं, बल्कि अधिवक्ता समाज की आवाज को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केकड़ी बार की एकजुटता इस बार पूरे प्रदेश में एक मिसाल बनेगी। उन्होंने सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट राम अवतार मीणा ने किया।