केकड़ी 28 अप्रेल। केकड़ी को जिला का दर्जा समाप्त किये जाने पर प्रत्येक माह की 28 तारीख को किये जाने वाले जिला बहाली के प्रदर्शन के अनुक्रम में बार एसोसिएशन केकड़ी के बैनर तले अधिवक्ता समुदाय सड़कों पर उतर आया तथा तपती गर्मी में भी भजनलाल सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर में जागरूता रैली निकाली। इस दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया और उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर केकड़ी को पुनः जिला घोषित करने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में बताया कि केकड़ी से जिला दर्जा छीनना सरकार का गैर-जिम्मेदाराना व अनैतिक निर्णय है, जिसका सीधा नुकसान केकड़ी की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिला निरस्त होने के कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता अपनी दैनिक प्रशासनिक जरूरतों के लिए लंबी दूरी तय करने को मजबूर है।बार अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने कहा कि सरकार ने केकड़ी को जिला हटाकर क्षेत्र की जनता के साथ कुठाराघात किया है तथा कहा कि अगर आज केकड़ी जिला होता तो हजारों-करोड़ों के विकास कार्य यहां शुरू हो चुके होते, लेकिन दुर्भाग्य है कि सरकार ने केकड़ी से उसका हक छीन लिया। केकड़ी जिला बनने के सारे मापदण्ड पूर्ण करता है, इसके बावजूद भी केकड़ी से जिले का दर्जा छीना जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। वरिष्ठ अधिवक्ता पवनसिंह भाटी ने कहा कि जिला हटने से केकड़ी क्षेत्र की जनता को न्याय के लिए 120 किमी दूर जाना पड़ता है तथा न्याय के लिए समय, श्रम एवं धन का अपव्यय हो रहा है लेकिन सरकार ने एक गलत व दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय लेकर आम जन की न्याय की आशा पर पानी फेर दिया है। वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मीचन्द मीणा ने कहा कि जब तक सरकार केकड़ी को जिला नहीं बनाती, अधिवक्ताओं का यह आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा तथा शीघ्र ही आन्दोलन को जन आन्दोलन का रूप दिया जायेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान उपाध्यक्ष द्वारका प्रसाद पंचैली, महासचिव समकित जैन, कोषाध्यक्ष रवि पंवार, पुस्तकालध्यक्ष आदित्य भान सिंह, नवल किशोर पारीक, भूपेन्द्रसिंह राठौड़, रामावतार मीणा, अब्दुल सलीम गौरी, मगनलाल लोधा, आशिफ हुसैन, विजेंद्र पाराशर, लतीफ मोहम्मद, हनुमान शर्मा, इमदाद अली, सलीम रंगरेज, राकेश गुर्जर, लोकेश शर्मा, धर्मेंद्र सिंह राठौड़, रामप्रसाद कुमावत, रोडू सोलंकी, डीएल वर्मा, सीताराम गुप्ता, दशरथ सिंह कांदलोत, मुकेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, आदिल कुरैशी, नितिन जोशी, मुकेश गढ़वाल, अनुराग पांडे, अजीत जैन, धर्मेंद्र मेघवंशी, अभिनव अग्रवाल, सानिया सेन, प्रहलाद वर्मा, रामेश्वर कुमावत, बुद्धिप्रकाश चैधरी आदि मौजूद थे।