केकड़ी। केकड़ी नगर पालिका चुनाव के बीच शहर की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक रघु शर्मा ने अनिल मित्तल को कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर, माला व साफा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
इस अवसर पर अनिल मित्तल ने कहा कि केकड़ी का जिला समाप्त होने से वे सबसे ज्यादा दुखी थे। केकड़ी के मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए केकड़ी को दोबारा जिला बनाने के उद्देश्य से वे रघु शर्मा के सानिध्य में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि केकड़ी के साथ सावर, सरवाड़ और टाटोंटी में भी कांग्रेस की सरकार बने, इसके लिए वे पूरी ताकत से काम करेंगे।
केकड़ी को जिला बनाना अब राजनीति का उद्देश्य : रघु शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघु शर्मा ने कहा कि अब राजनीति करने का उनका उद्देश्य केकड़ी को वापस जिला बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि केकड़ी को दोबारा जिला नहीं बनाया गया तो रघु शर्मा राजनीति छोड़ देगा। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
36 वर्षों तक भाजपा में रहे मित्तल
अनिल मित्तल ने भाजपा देहात अजमेर जिलाध्यक्ष को दिए इस्तीफे में बताया कि वे वर्ष 1990 से करीब 36 वर्षों तक भाजपा के सक्रिय सदस्य रहे। वर्ष 1995 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से राजकीय महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। इसके बाद युवा मोर्चा, व्यापार प्रकोष्ठ, शहर मंडल उपाध्यक्ष सहित कई पदों पर उन्होंने जिम्मेदारियां निभाईं।
मित्तल वर्ष 2015 से 2020 तक केकड़ी नगर पालिका के चेयरमैन भी रहे। इसके बाद भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ अजमेर देहात के संयोजक सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अब भाजपा में अपनी सेवाएं जारी नहीं रख पाएंगे और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।
निकाय चुनाव में बदल सकते हैं समीकरण
अनिल मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने को केकड़ी नगर पालिका चुनाव के बीच महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। शहर की राजनीति में मित्तल की मजबूत पकड़ को देखते हुए उनके कांग्रेस में आने से चुनावी समीकरण प्रभावित होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने का निकाय चुनाव के परिणामों पर कितना असर पड़ता है।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
कांग्रेस में शामिल होने के दौरान सावर के पूर्व चेयरमैन विश्वजीत सिंह शक्तावत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, कांग्रेस नेता शैलेंद्र सिंह, समरवीर सिंह, सागर शर्मा, श्यामलाल बेरवा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।