केकड़ी। जिला चिकित्सालय केकड़ी के ब्लड बैंक में लगातार बनी रक्त की कमी को देखते हुए ब्लड सेंटर संचालक की विनम्र अपील पर सावर में लघु रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन रक्त मित्र मंडल सावर, रक्तदान जीवनदान ग्रुप सदारा, श्रीमती शशि कुमारी एवं भुवनेश्वरी कुमारी स्मारक समिति सावर तथा भारत विकास परिषद शाखा सावर के संयुक्त सानिध्य में सावर चिकित्सालय में किया गया।
भीषण गर्मी के बावजूद आयोजित इस लघु रक्तदान शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 31 रक्तवीरों ने अपना अमूल्य रक्तदान देकर मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। रक्तदान को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और कई नियमित रक्तदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
शिविर में असलम हुसैन ने अपने जीवनकाल का 41वां रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं शिविर के अंतिम रक्तदाता के रूप में राजेश जांगिड़ ने अपने जीवन का 55वां रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति समर्पण दर्शाया।
रक्तदान जीवनदान ग्रुप सदारा के सचिव आशिफ मोहम्मद बागवान ने बताया कि शिविर का आयोजन सावर चिकित्सालय में रखा गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य केकड़ी ब्लड बैंक में चल रही रक्त की कमी को दूर करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना था। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान रक्तदाताओं के लिए फल-फ्रूट और अन्य व्यवस्थाएं भारत विकास परिषद शाखा सावर की ओर से की गईं।
लघु रक्तदान शिविर को सफल बनाने में श्रीमती शशि कुमारी एवं भुवनेश्वरी कुमारी स्मारक समिति सावर के सचिव राजेश जांगिड़, रक्त मित्र मंडल सावर के अश्विनी पाराशर और गौरव प्रजापत, तथा भारत विकास परिषद शाखा सावर के अनिल झाकल, प्रहलाद सिंह और श्रीनिवास माली सहित कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं केकड़ी ब्लड बैंक की ओर से डॉ. लोकेश धाकड़, पदम जैन, सरफराज अली, लियाकत अली एवं समस्त टीम ने रक्त संग्रह और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।