केकड़ी, 10 जुलाई : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को केकड़ी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 1258 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली फोरलेन सड़क परियोजना का शिलान्यास करेंगे। परियोजना के प्रथम चरण में 475 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर राजकीय महाविद्यालय परिसर में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरेंगे, जिसके बाद वे कृषि उपज मंडी में आयोजित भव्य समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शुक्रवार को  जिला कलेक्टर लोक बंधु एवं पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या यातायात संबंधी समस्या नहीं हो तथा समारोह स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा, उपखंड अधिकारी सुरेश बलाई, अधिशासी अधिकारी केंद्र प्रसाद शर्मा, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।