KEKRI
गांधी पार्क योग कक्षा को राज्य स्तरीय सम्मान, योग शिक्षक जे.पी. सोनी सम्मानित
केकड़ी की गांधी पार्क स्थित योग कक्षा को कोटा में आयोजित राज्य स्तरीय योग सेमिनार एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में आदर्श एवं उत्कृष्ट योग कक्षा के रूप में सम्मानित किया गया। योग शिक्षक जे.पी. सोनी को पतंजलि योग पीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थ देव ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्यभर से आए सैकड़ों योग साधकों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। केकड़ी से करीब 50 योग साधक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Govind Vaishnav
Chief Editor
May 25, 2026 • 4:50 PM IST
केकड़ी। पतंजलि विश्वविद्यालय, भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में कोटा में आयोजित तीन दिवसीय योग सेमिनार, कार्यकर्ता सम्मेलन एवं “योग धर्म से राष्ट्रधर्म समागम” में केकड़ी की गांधी पार्क स्थित योग कक्षा को राज्य की आदर्श एवं उत्कृष्ट योग कक्षा के रूप में सम्मानित किया गया। योग कक्षा के संचालक एवं योग शिक्षक जे.पी. सोनी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।कोटा के इंद्रा विहार स्थित समर्थ एलन कैरियर इंस्टीट्यूट के सद्भाव सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पतंजलि योग पीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थ देव ने जे.पी. सोनी को सम्मानित किया। समारोह में भारत स्वाभिमान के संरक्षक महेंद्र यादव व कुलभूषण बैराठी, राज्य प्रभारी अरविंद कुमार पांडे, महिला पतंजलि योग समिति की राज्य प्रभारी सरिता गुर्जर, राज्य प्रभारी पवन कुमार सैनी, एलन इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर गोविंद माहेश्वरी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी परमार्थ देव ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और बीमारियों से बचाव के लिए नियमित योग आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।सेमिनार में राज्यभर से सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। केकड़ी से भारत स्वाभिमान संयोजक सत्यनारायण सोनी, सह तहसील प्रभारी सोहनलाल सिसोदिया, युवा भारत प्रभारी राजेंद्र विजय, महिला पतंजलि योग समिति तहसील प्रभारी रेखा विजय सहित करीब 50 महिला-पुरुष योग साधकों ने भाग लिया।