केकड़ी, 29 जुलाई। पतंजलि योग समिति, केकड़ी के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सब्जी मंडी स्थित गांधी पार्क में नियमित योग कक्षा के उपरांत नवकुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें महिला एवं पुरुष योग साधकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

यज्ञ में मुनि कपूरचंद सोनी तथा भारत स्वाभिमान के संयोजक सत्यनारायण सोनी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ सम्पन्न कराया। उपस्थित योग साधकों ने पूर्ण श्रद्धा एवं आस्था के साथ यज्ञ में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर पतंजलि योग समिति के प्रभारी एवं मुख्य योग शिक्षक जे.पी. सोनी ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही मनुष्य को सही मार्ग का ज्ञान कराता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दूषित खान-पान, अनियमित जीवनशैली और बढ़ते रोगों के बीच योग ऋषि परम पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज ने योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की दिशा दिखाई है। उनके अथक प्रयासों से योग आज घर-घर तक पहुंचा है और करोड़ों लोग इसका लाभ प्राप्त कर रहे हैं। गुरु पूर्णिमा पर ऐसे महान योग गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना हम सभी का सौभाग्य है।
भारत स्वाभिमान के संयोजक सत्यनारायण सोनी ने यज्ञ के आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ मनुष्य जीवन का सर्वश्रेष्ठ कर्म है यज्ञ सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है, सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा नकारात्मकता का नाश होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में यज्ञ की परंपरा आदिकाल से चली आ रही है और इसका महत्व आज भी उतना ही प्रासंगिक है। कार्यक्रम के दौरान गांधी पार्क योग परिवार के योग साधकों ने मुख्य योग शिक्षक जे.पी. सोनी का मोतियों की माला, दुपट्टा, शॉल एवं पगड़ी पहनाकर आत्मीय सम्मान किया। साथ ही भारत स्वाभिमान के संयोजक सत्यनारायण सोनी का भी अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत, किसान सेवा समिति एवं सोशल मीडिया प्रकोष्ठ से जुड़े बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष योग साधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं एवं योग साधकों को प्रसाद वितरित किया गया।