केकड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को केकड़ी में विधानसभा स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, स्कूली विद्यार्थी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
नगर पालिका परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होते हुए वापस नगर पालिका परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति गीतों और देशभक्ति के नारों से शहर गूंजता रहा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।यात्रा में विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और आमजन तिरंगा लहराते हुए शामिल हुए। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी यात्रा के दौरान मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद नजर आए।नगर पालिका परिसर में यात्रा के समापन पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने यात्रा में शामिल हुए लोगों का आभार जताया। उन्होंने सभी से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। विधायक ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।