सरवाड़। अमृतारामजी की कथा के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में सरवाड़ थाना पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की एक चेन बरामद करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी महिलाएं दिल्ली की रहने वाली हैं, जिन्हें कोटा से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि दरगाह रोड सरवाड़ निवासी माया देवी माली एवं आदर्श नगर सरवाड़ निवासी विमला देवी शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मई 2026 को वे खीरीया गेट स्थित माली भवन में अमृतारामजी की कथा सुनने गई थीं। कथा के दौरान दोनों के गले में सोने की चेन थी, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाहर निकलते समय उन्हें चेन गायब मिली। इस पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक अजमेर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील तथा वृत्ताधिकारी केकड़ी हर्षित शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तथा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी चांदनी पत्नी शशि (39) निवासी बुध नगर, इन्द्रपुरी, मध्य दिल्ली तथा अम्बिका पत्नी रमेश कुमार (38) निवासी मदनगीर, डॉ. अम्बेडकर नगर, दक्षिण दिल्ली को कोटा से गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई एक सोने जैसी धातु की चेन बरामद की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपी-चांदनी पत्नी शशि, निवासी बुध नगर, इन्द्रपुरी, मध्य दिल्ली। अम्बिका पत्नी रमेश कुमार, निवासी मदनगीर, डॉ. अम्बेडकर नगर, दक्षिण दिल्ली।पुलिस टीम कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, उप निरीक्षक योगेश कुमार, कांस्टेबल शुभकरण, दातार सिंह, हरिराम, कमलेश तथा महिला कांस्टेबल चिन्ता की विशेष भूमिका रही।