केकड़ी (अजमेर), 6 अप्रैल।चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत केकड़ी शहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल परिसर से बाइक चोरी करने वाले एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, भीलवाड़ा निवासी अंशुल पुरोहित, जो केकड़ी स्थित होम्योपैथिक नर्सिंग कॉलेज का छात्र है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 मार्च 2026 को उसकी TVS स्टार सिटी मोटरसाइकिल पुराने अस्पताल परिसर से चोरी हो गई। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।थानाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने नेमीचंद गुर्जर (25) निवासी श्रीमा (हरिपुरा), थाना निवाई, जिला टोंक को डिटेन किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और सड़क दुर्घटना के कई मामले दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।इस कार्रवाई में थानाधिकारी अनिल कुमार के साथ हेड कांस्टेबल मदन लाल, कांस्टेबल भागचंद, केदार, नीरज सिंह और पुखराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।