केकड़ी:  भिनाय थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खेड़ी टोल प्लाजा पर नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे हरियाणा के कुख्यात हथियार तस्कर कुलदीप ठाकुर उर्फ 'बाबा' को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल, 21 जिंदा कारतूस और एक स्विफ्ट कार (DL 5CK 7600) बरामद की है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 21 मामले अकेले आर्म्स एक्ट के हैं।

​पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (केकड़ी) राजेश कुमार मील व वृताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में भिनाय थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम खेड़ी टोल प्लाजा पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

​रात करीब 10:15 बजे जयपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ दिया और पुलिस को देखकर तेजी से बिजयनगर की तरफ भागने लगी। संदिग्ध प्रतीत होने पर एएसआई शिवराज मय जाब्ता ने पुलिस वाहन से कार का पीछा किया।

​पुलिस को पीछे आते देख आरोपी कार को लहराते हुए भगाने लगा, जिससे वाहन असंतुलित होकर संगम होटल के सामने सर्विस रोड पर नाले में जा गिरा। हादसा होते ही कार सवार दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और एक आरोपी कुलदीप ठाकुर उर्फ बाबा (उम्र 32 वर्ष, निवासी खुडाना बास, महेंद्रगढ़, हरियाणा) को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने फरार साथी का नाम सचिन (निवासी पाली धोली, महेंद्रगढ़) बताया, जिसकी तलाश जारी है।

​23 मुकदमों का आरोपी, 21 मामले केवल आर्म्स एक्ट के

​पुलिस पड़ताल में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कुलदीप ठाकुर उर्फ बाबा एक आदतन और शातिर हथियार तस्कर है। इसके खिलाफ हरियाणा (महेंद्रगढ़, झज्जर, चरखी दादरी, पानीपत, रेवाड़ी) तथा राजस्थान (दौसा, जयपुर) के विभिन्न थानों में जानलेवा हमला, जबरन वसूली, जेल में निषिद्ध वस्तुएं ले जाने और अवैध हथियार सप्लाई करने के कुल 23 मामले दर्ज हैं।

​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला (प्रकरण संख्या 239/2026) दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह, एएसआई शिवराज, एएसआई मनोहर सिंह, हेड कांस्टेबल नवल सिंह (विशेष योगदान), हेड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल गजेंद्र, वीरेंद्र और महेश की सराहनीय भूमिका रही।