KEKRI
हिंगोनियां में ₹85.55 लाख लाभांश वितरण, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने किया गोदाम शिलान्यास
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने सरवाड़ क्षेत्र के हिंगोनियां में आयोजित श्रीराम ग्राम सेवा सहकारी समिति की आमसभा और जनकल्याण कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान किसानों और समिति सदस्यों को करीब ₹85.55 लाख का लाभांश वितरित किया गया तथा 500 एमटी क्षमता के गोदाम निर्माण का शिलान्यास हुआ। मंत्री चौधरी ने सहकारिता को ग्रामीण विकास और किसान समृद्धि की आधारशिला बताते हुए किसानों और ग्रामीणों के स्नेह व सहयोग के लिए आभार जताया।
Govind Vaishnav
Chief Editor
May 27, 2026 • 6:55 PM IST
केकड़ी 27 मई 2026: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने बुधवार को पंचायत समिति सरवाड़ के हिंगोनियां स्थित श्रीराम ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड की वर्ष 2026 की आमसभा एवं विभिन्न जनकल्याण कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए समिति सदस्यों, किसानों एवं ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने समिति द्वारा किसानों एवं सदस्यों को लगभग ₹85.55 लाख के लाभांश वितरण कार्यक्रम में भाग लिया तथा राजस्थान सरकार की बजट घोषणा अंतर्गत 500 एम.टी. क्षमता के गोदाम निर्माण कार्य के शिलान्यास समारोह में सम्मिलित हुए। इसके साथ ही जनकल्याण कोष के माध्यम से विभिन्न उपयोगी सामग्रियों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, सामाजिक सहभागिता और किसान समृद्धि की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीराज के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं राजस्थान सरकार किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों और सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने हेतु निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक भंडारण सुविधाओं का विकास किसानों को उनकी उपज का उचित संरक्षण एवं बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सहकारी समितियां गांवों की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों के विश्वास और विकास की धुरी बन रही हैं।उन्होंने हिंगोनियां सहित समूचे क्षेत्र के किसानों, समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणजनों द्वारा मिले स्नेह, आत्मीय स्वागत एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह अपनापन उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए ऊर्जा प्रदान करता है।कार्यक्रम में केकड़ी विधायक, सहकारी समिति पदाधिकारी, किसान भाई एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।