केकड़ी : एक ओर जहां प्रदेश की राज्य सरकार द्वारा अवैध खनन को लेकर लगातार बड़े अभियान और सख्त कार्रवाई का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सरवाड़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत कासीर के बंथली गांव से अवैध खनन माफियाओं के कब्जे की खबर सामने आ रही है। क्रेन से सरकारी जमीन की हो रही 'ख़ुदाई' ताज़ा जानकारियों के अनुसार, बंथली गांव में खसरा नंबर 635 स्थित है , जिसकी सरकारी जमीन बताई जा रही है, वहां पर क्वार्ट्ज और फेल्डस्फर का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है।दिन के उजाले और रात के अँधेरे में बेख़ौफ़ क़ीमती खनिजों का दोहन किया जा रहा है। ग्रामीण का आरोप है कि खनन माफिया और स्थानीय प्रशासन के बीच साठगांठ है, पूर्व में शिकायत के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। माफियाओं की इस 'जुगलबंदी' के कारण सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।राजकीय भूमि पर सरेआम हो रहे इस अवैध व्यवसाय और खनन को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। क्षेत्र के लोगो का कहना है कि मिलीभगत से यह अवैध गतिविधियां पिछले कई समय से संचालित हैं। जब इस संबंध में पटवारी परमेश्वर से जानकारी मांगी तो उन्होंने कहा कि ऐसी मेरी कोई जानकारी में नहीं है यदि यहां पर अवैध खनन हो रहा है तो इस पर कार्रवाई की जाएगी, और उच्च अधिकारियों को अवगत किया जाएगा,यह कह कर अपना पल्ला झाड़ लिया। अगर प्रशासन ने समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाया, तो यह क्षेत्र पूरी तरह से खनन माफियाओं के आंतक में चला जाएगा।