अजमेर, 16 अप्रैल। राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम (आरएसआरडीसी) के माध्यम से करवाए जा रहे नसीराबाद-केकड़ी-देवली सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए जिला कलक्टर लोक बन्धु ने गुरूवार को आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर  लोक बन्धु ने कहा कि नसीराबाद-केकड़ी-देवली सड़क अजमेर और टोंक जिले को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी राज्यस्थान राज्य सड़क विकास निगम को दी गई है। सड़क मार्गाधिकार के मध्य आने वाली यूटिलिटीस को स्थानान्तरित किया जाए। इससे सड़क निर्माण कार्य में तेजी आएगी। समस्त विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि देवली से केकड़ी के प्रथम चरण तथा नसीराबाद से केकड़ी के द्वितीय चरण के लिए आवश्यक कार्यवाही समस्त विभाग मिलकर करें। केकड़ी से नसीराबाद के मध्य जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की पाईपलाईन को सड़क के दूसरी तरफ स्थानान्तरित करना प्रस्तावित है। इसके लिए उपयोग हो रही आरओडब्ल्यू की आवश्यक राशि जलदाय विभाग को दी जाएगी। आवश्यक भूमि अवाप्ति के संबंध में संयुक्त मौका निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार भारत संचार निगम तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम की मार्गाधिकार में आने वाली युटिलिटी को स्थानान्तरित करने के लिए तकमीना उपलब्ध कराएं। इसके आधार पर आवश्यक राशि का भुगतान किया जाएगा। अजमेर शहर स्थित रामसेतु की लगातार मॉनिटिरिंग करें। आगामी मानसून के समय भी ध्यान रखने की आवश्यकता है। आरएसआरडीसी के अन्य कार्यों में भी तेजी लाई जाए।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी, आरएसआरडीसी के परियोजना निदेशक राजेन्द्र मीणा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।