KEKRI
केकड़ी आगार को मिली 13 नई रोडवेज बसें, विधायक गौतम ने दिखाई हरी झंडी; 25 साल बाद पुराने कोटा रोड सहित कई नए मार्गों पर शुरू हुई बस सेवाएं
केकड़ी आगार को मिली 13 नई रोडवेज बसों को विधायक शत्रुघ्न गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बसों के संचालन से देवली, बूंदी, भीलवाड़ा, ब्यावर, कोटा और अजमेर सहित दर्जनों गांवों को नियमित रोडवेज सेवा का लाभ मिलेगा। छह बसें 25 वर्ष बाद पुराने कोटा रोड पर केकड़ी-देवली मार्ग पर संचालित होंगी। विधायक ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों, किसानों, कर्मचारियों और आम यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी तथा भविष्य में नए मार्गों पर भी बस सेवाएं शुरू कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
Govind Vaishnav
Chief Editor
Aug 01, 2026 • 4:15 PM IST
केकड़ी। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के केकड़ी आगार को मिली 13 नई रोडवेज बसों को विधायक शत्रुघ्न गौतम ने शनिवार को केकड़ी डिपो, अजमेर रोड से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बसों के संचालन से देवली, बूंदी, भीलवाड़ा, ब्यावर, कोटा और अजमेर सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से जुड़े दर्जनों गांवों के हजारों यात्रियों को सीधी रोडवेज सुविधा मिलेगी।केकड़ी आगार के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा ने बताया कि विधायक शत्रुघ्न गौतम के विशेष प्रयासों एवं अनुशंसा पर डिपो को 13 नई बसें मिली हैं। इनमें से छह बसों का संचालन 25 साल बाद पुराने कोटा रोड पर केकड़ी-देवली मार्ग पर किया जाएगा। वहीं, अन्य बसों का उपयोग विभिन्न मार्गों पर रोडवेज सेवाओं को मजबूत करने में किया जाएगा।राजस्थान रोडवेज के कार्यालय आदेश के अनुसार केकड़ी-देवली, केकड़ी-बूंदी, केकड़ी-भीलवाड़ा, केकड़ी-ब्यावर, केकड़ी-कोटा और केकड़ी-अजमेर सहित कई मार्गों पर नियमित बस सेवाएं शुरू की गई हैं। इन बसों से नाईखेड़ा, मोलकिया, कालेड़ा, बोगला, रामधला, मालेड़ा, नेगड़िया, रामपाली, नागोला, छापानेरी, विजयनगर, गुलाबपुरा, भिनाय, बांदनवाड़ा, मसूदा, सावर, जहाजपुर, शक्करगढ़, बूंदी, सरवाड़, किशनगढ़, नसीराबाद सहित अनेक गांव सीधे जुड़ेंगे।विधायक गौतम ने कहा कि 13 नई बसें मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, किसानों और ग्रामीण यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में केकड़ी रोडवेज डिपो को और मजबूत बनाने तथा आवश्यकता के अनुसार नए मार्गों पर बस सेवाएं शुरू कराने के प्रयास जारी रहेंगे।कार्यक्रम में रोडवेज आगार के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।