KEKRI
केकड़ी की धरा से 'जनतंत्र तक अपडेट' का शुभारंभ, एडीएम चंद्रशेखर भंडारी ने किया विमोचन
केकड़ी की धरा से नए समाचार पत्र 'जनतंत्र तक अपडेट' का शुभारंभ हुआ। प्रथम अंक का विमोचन अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी ने किया। मुख्य संपादक पवन कुमार राठी ने निष्पक्ष एवं जनहितैषी पत्रकारिता का संकल्प दोहराया। विधायक शत्रुघ्न गौतम, पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा और NIELIT के कार्यकारी निदेशक डॉ. संजीव गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों ने समाचार पत्र के सफल एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Govind Vaishnav
Chief Editor
Jul 02, 2026 • 3:33 PM IST
केकड़ी, 2 जुलाई। केकड़ी की पत्रकारिता जगत में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। क्षेत्र से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र 'जनतंत्र तक अपडेट' के प्रथम अंक का विमोचन अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी ने किया। समाचार पत्र के मुख्य संपादक पवन कुमार राठी ने कहा कि 'जनतंत्र तक अपडेट' जनता की आवाज़ को प्रमुखता देते हुए जनहित, सत्य और सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखकर पत्रकारिता करेगा।प्रथम अंक के प्रकाशन पर केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने शुभकामना संदेश में कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जनहितैषी पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 'जनतंत्र तक अपडेट' जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर समाज की सशक्त आवाज़ बनेगा और अपनी विश्वसनीय पहचान स्थापित करेगा।पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का सशक्त मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्य संपादक पवन कुमार राठी के नेतृत्व में यह समाचार पत्र निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनोन्मुख पत्रकारिता के नए मानदंड स्थापित करेगा।NIELIT के कार्यकारी निदेशक डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि केकड़ी से शुरू हुआ यह समाचार पत्र शिक्षा, तकनीक और युवाओं की उपलब्धियों को नई पहचान देगा। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, डिजिटल स्किल्स एवं अन्य तकनीकी विषयों पर जन-जागरूकता के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।समाचार पत्र के प्रथम प्रकाशन पर केकड़ी जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम कुमावत, पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज आहूजा, वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मीचंद मीणा, वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं शायर सुरेंद्र चतुर्वेदी, केकड़ी पत्रकार संघ के अध्यक्ष तिलक माथुर, मंत्री पीयूष राठी, एडवोकेट एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों एवं सामाजिक संगठनों ने शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए समाचार पत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह में पत्रकार अनुराग शर्मा, पवन टेलर, गोविंद वैष्णव एवं हर्ष राठी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन तथा केकड़ी बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राम अवतार मीणा मौजूद रहे।