केकड़ी, 23 अगस्त (गोविंद वैष्णव) : नगरपालिका चुनावों को लेकर केकड़ी में रविवार को सियासी सरगर्मी चरम पर रही। एक ही दिन कांग्रेस और भाजपा ने अलग-अलग स्थानों पर विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया। कांग्रेस कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कार्यकर्ताओं और दावेदारों से संवाद किया, वहीं भाजपा की ओर से विधायक शत्रुघ्न गौतम ने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।दोनों दलों के आयोजनों में नगरपालिका चुनाव में टिकट के लिए आवेदन करने वाले दावेदारों और पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। इससे शहर में चुनावी माहौल और गरमा गया। कई वार्डों में टिकट के लिए दावेदारों की संख्या अधिक होने से दोनों दलों के सामने प्रत्याशी चयन की चुनौती भी दिखाई देने लगी है। कांग्रेस के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में रघु शर्मा ने संभाली कमान कांग्रेस की ओर से पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में केकड़ी नगरपालिका चुनाव को लेकर विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और संभावित प्रत्याशियों से चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की।सम्मेलन में नगर अध्यक्ष, निर्वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष, पार्षद, वरिष्ठ कांग्रेसजन, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और विभिन्न वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदार मौजूद रहे। डॉ. रघु शर्मा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने तथा जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।इस दौरान रघु शर्मा ने विधायक शत्रुघ्न गौतम पर राजनीतिक कटाक्ष भी किए और विकास के मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया। भाजपा ने कार्यालय खोला, गौतम के नेतृत्व में विशाल सम्मेलन दूसरी ओर भाजपा ने अजमेर रोड स्थित पुराने स्वास्तिक हॉस्पिटल भवन में नगरपालिका चुनाव को लेकर अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद यहां विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विधायक शत्रुघ्न गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, प्रदेश प्रभारी कृष्ण मोहन शर्मा, जिला प्रभारी सुभाष वर्मा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, वार्ड प्रभारी, कार्यकर्ता और नगरपालिका चुनाव के लिए आवेदन करने वाले दावेदार मौजूद रहे। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कांग्रेस और डॉ. रघु शर्मा के राजनीतिक आरोपों का जवाब देते हुए विकास कार्यों को मुद्दा बनाया और कहा कि चुनाव में जनता काम और विकास के आधार पर फैसला करेगी। दोनों दलों में दावेदारों की लंबी कतार दोनों विशाल कार्यकर्ता सम्मेलनों में नगरपालिका चुनाव के दावेदारों की सक्रियता खास तौर पर चर्चा में रही। विभिन्न वार्डों से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं ने अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया। कांग्रेस और भाजपा दोनों में कई वार्ड ऐसे हैं, जहां एक से अधिक दावेदार टिकट की दौड़ में हैं। रघु शर्मा बनाम गौतम, विकास बना मुख्य मुद्दा केकड़ी नगरपालिका चुनाव से पहले एक ही दिन कांग्रेस और भाजपा के शक्ति प्रदर्शन ने स्थानीय राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है। रघु शर्मा और शत्रुघ्न गौतम के बीच राजनीतिक बयानबाजी के साथ अब विकास बनाम आरोप-प्रत्यारोप की चुनावी राजनीति आकार लेती दिखाई दे रही है।आने वाले दिनों में टिकट वितरण के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी। फिलहाल दोनों दल संगठन को मजबूत करने, दावेदारों को साधने और वार्डवार चुनावी समीकरण तैयार करने में जुट गए हैं।