KEKRI
सास के घर में लाखों की चोरी का खुलासा: बहू ही निकली आरोपी, नकाबपोश डाकुओं की कहानी निकली झूठी
केकड़ी में सास के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए बहू उषा देवी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी के बाद नकाबपोश बदमाशों के घर में घुसने की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, एफएसएल जांच और पूछताछ के आधार पर मामला सुलझाया। आरोपी के कब्जे से 6.97 लाख रुपये नकद, करीब 10 तोला सोना और 480 ग्राम चांदी के आभूषण व बर्तन बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।
Govind Vaishnav
Chief Editor
May 29, 2026 • 9:05 PM IST
केकड़ी। शहर के खिड़की गेट क्षेत्र में सास के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बहू को ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बहू ने चोरी के बाद पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए नकाबपोश बदमाशों के चाकू लेकर घर में घुसने की झूठी कहानी रची थी।पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में केकड़ी शहर थाना पुलिस ने मामले की गहन जांच की। 26 मई को दर्ज रिपोर्ट में घर से करीब 12 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात कही गई थी। पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल जांच कर पड़ताल की तो कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया।जांच के दौरान संदेह परिवार की सदस्य उषा देवी पर गया। गहन पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 लाख 97 हजार रुपये नकद, करीब 10 तोला सोना और 480 ग्राम चांदी के आभूषण व बर्तन बरामद कर जब्त किए हैं।गिरफ्तार आरोपी उषा देवी (56) निवासी गुजराती मोहल्ला, पुरानी केकड़ी को बीएनएस की धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले के खुलासे में थानाधिकारी अनिल कुमार और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।