केकड़ी, 9 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राज्य सरकार की ओर से 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत रविवार को केकड़ी में तिरंगा प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें शहर क्षेत्र के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के करीब 550 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रभात फेरी का शुभारंभ नगर पालिका परिसर से हरी झंडी दिखाकर तहसीलदार सत्यनारायण, नगर पालिका आयुक्त केंद्र प्रसाद शर्मा, एसबीओ प्रथम बहादुर सिंह, एसबीओ द्वितीय रणजी जाट, शहर भाजपा अध्यक्ष रितेश जैन, शारीरिक शिक्षक गुलाब एवं अरविंद चौहान के नेतृत्व में किया गया। प्रभात फेरी नगर पालिका से रवाना होकर अजमेरी गेट, घंटाघर, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट और बस स्टैंड होते हुए वापस नगर पालिका पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में नगर पालिका के कार्मिकों ने सहयोग किया। नगर पालिका की ओर से प्रभात फेरी में शामिल छात्र-छात्राओं को फलाहार भी प्रदान किया गया। यह जानकारी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत रिसोर्स पर्सन रामनिवास कुमावत ने दी।