केकड़ी, 13 मई। शहर के अजमेर रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में बनी पानी की टंकी पर एक युवक चढ़ गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई तथा यातायात व्यवस्था भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही।जानकारी के अनुसार विजय वैष्णव पुरानी केकड़ी निवासी युवक ने कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाए। युवक का कहना था कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण वह परेशान है।टंकी पर चढ़ने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिसमें उसने चेतावनी दी कि यदि पुलिस और प्रशासन समय पर नहीं पहुंचे तो वह टंकी से कूदकर आत्महत्या कर लेगा। युवक ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक केकड़ी हर्षित शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस एवं परिजनों ने युवक से लगातार समझाइश की। काफी मशक्कत के बाद परिजनों और पुलिस टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के बाद क्षेत्र में देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।