केकड़ी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नगर पालिका रंगमंच पर उपखण्ड स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।कार्यक्रम का शुभारंभ उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीएम सुरेश कुमार बलाई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील एवं नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी केंद्र प्रसाद शर्मा का आयुष विभाग एवं पतंजलि योग समिति द्वारा माल्यार्पण एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।मुख्य अतिथि एसडीएम सुरेश कुमार बलाई ने अपने संबोधन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मात्र व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ कला है। इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने से तन और मन स्वस्थ रहते हैं, मन को शांति मिलती है तथा जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।कार्यक्रम के दौरान भारत स्वाभिमान संयोजक सत्यनारायण सोनी एवं पतंजलि योग समिति प्रभारी जे.पी. सोनी ने उपस्थित साधकों को विभिन्न आसनों, सूक्ष्म व्यायाम एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। योगाभ्यास में महिला पतंजलि योग समिति प्रभारी रेखा रिंकू विजय, पूर्व प्रभारी रक्षा विजय, आयुर्वेद कॉलेज के लोकेश धाकड़ एवं सरिता धाकड़ सहित नन्ही योग साधिका शिवांशी सोनी ने मंच से सहयोग प्रदान किया।करीब डेढ़ घंटे तक चले इस सामूहिक योगाभ्यास में साधकों ने मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। शिविर के नोडल प्रभारी आयुर्वेद विभाग के चिकित्सक डॉ. शिवराम जाट एवं राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर एसडीएम सुरेश कुमार बलाई ने सुदृढ़ लोकतंत्र के लिए मतदान की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद सुरेंद्र जोशी ने किया। अंत में नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी केंद्र प्रसाद शर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन के पश्चात प्रतिभागियों को फलाहार एवं जूस वितरित किया गया।