केकड़ी/सावर। पुलिस थाना सावर ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9.67 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद कर एक नाबालिग लड़की को निरूद्ध किया है। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता के सुपरविजन में सावर थानाधिकारी बनवारी लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार 15 अगस्त की देर रात गश्त के दौरान टीम पण्डेर रोड स्थित सरकारी स्कूल के सामने पहुंची। वहां एक नाबालिग लड़की पुलिस वाहन को देखकर छिपने और भागने का प्रयास करती नजर आई। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.67 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नाबालिग ने स्मैक बेचने के लिए देर रात सड़क पर घूमने की बात बताई। पुलिस ने स्मैक जब्त कर नाबालिग को निरूद्ध कर लिया। मामले में पुलिस थाना सावर पर प्रकरण संख्या 163/2026 दर्ज किया गया है। स्मैक की खरीद-फरोख्त और इसके नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच जारी है।कार्रवाई टीम: थानाधिकारी बनवारी लाल, सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह, कांस्टेबल राकेश कुमार, शिवप्रकाश, महेन्द्र कुमार, चालक लोकेश तथा महिला कांस्टेबल नाजमीन बानो शामिल रहे।