केकड़ी, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सदस्यता अभियान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन ग्राम कुमावतो का नयागांव में किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाजपा व कांग्रेस छोड़कर आरएलपी की सदस्यता ग्रहण की।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि बड़े गांव होने के बावजूद नयागांव में केवल आठवीं तक ही स्कूल है, जिससे बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए बाहर जाना पड़ता है। वहीं, मुख्य मार्ग की पुलिया पिछले छह माह से क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हाल ही में बना किसान पथ दो माह में ही जगह-जगह से टूटने लगा है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। किसानों को नदी पार खेतों तक पहुंचने के लिए 10 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरएलपी नेता नंदलाल गुर्जर ने अधिक से अधिक लोगों से पार्टी से जुड़ने का आह्वान किया। एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई, वहीं रामअवतार सिखवाल ने आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल की नीतियों को जनहितकारी बताते हुए प्रदेश के विकास के लिए पार्टी से जुड़ने की अपील की।इस अवसर पर एडवोकेट राजेंद्र चौधरी, रामअवतार सिखवाल, नंदलाल गुर्जर, मुकेश नागा, राजेंद्र कुमावत, सांवरलाल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे।