KEKRI
रात्या फायरिंग प्रकरण में तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बोलेरो जब्त: जमीनी विवाद में हुई थी फायरिंग व जानलेवा हमला, पुलिस की विशेष टीम की कार्रवाई
सावर थाना क्षेत्र के ग्राम रात्या में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 21 मई को हथियारबंद लोगों द्वारा जमीन पर कब्जे के प्रयास के दौरान फायरिंग और धारदार हथियारों से हमला किया गया था, जिसमें कई लोग घायल हुए। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस व अन्य साक्ष्य जुटाकर जांच की और गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Govind Vaishnav
Chief Editor
May 23, 2026 • 6:34 PM IST
केकड़ी: 23 मई। सावर थाना क्षेत्र के ग्राम रात्या में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील एवं वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में सावर थानाधिकारी राधेश्याम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार 21 मई को रात्या निवासी रामप्रसाद गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2012 में आवंटित 8 बीघा जमीन पर कब्जे की नीयत से हथियारबंद लोग पहुंचे और खंभे गाड़ने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। रिपोर्ट में पर्वतराज मीणा पर रिवाल्वर से फायर करने, नरेश मीणा पर तलवार से हमला करने तथा अन्य आरोपियों पर महिलाओं सहित परिवारजनों पर जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए गए।मामले में पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान करते हुए घटनास्थल से खाली कारतूस और खून से सनी मिट्टी जब्त कर फोरेंसिक जांच कराई। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी शिवराज मीणा निवासी रात्या, शिवराज गुर्जर निवासी जसवंतपुरा तथा राजकुमार उर्फ रामसिंह निवासी रूपारेल (टोंक) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी राजकुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया।पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश और अनुसंधान जारी है।