KEKRI
आरजीएचएस बदलावों के विरोध में राजस्व कर्मचारियों का प्रदर्शन, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
आरजीएचएस योजना में कथित बदलाव, पदोन्नत तहसीलदारों की पदस्थापना और अन्य वित्तीय मांगों को लेकर राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया। सोमवार को केकड़ी सहित प्रदेशभर में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टरों व उपखंड अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने सरकार पर कर्मचारियों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को अगले चरण में उग्र किया जाएगा। केकड़ी में हरगोविन्द सिंह राठौड़ के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया।
Govind Vaishnav
Chief Editor
May 18, 2026 • 4:39 PM IST
केकड़ी, 18 मई : राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर सोमवार को कर्मचारियों ने आरजीएचएस योजना में कथित बदलाव, पदोन्नत तहसीलदारों की पदस्थापना, उपखंड कार्यालयों में पद सृजन एवं अन्य वित्तीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर आंदोलन की शुरुआत की। कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।महासंघ के प्रदेश सभाध्यक्ष शम्भूसिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रही है, जिससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों में आक्रोश है। प्रदेश अध्यक्ष सुधीर यादव ने सभी कर्मचारी संगठनों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।महामंत्री सुरेश तोबड़िया ने बताया कि सरकार को पूर्व में आंदोलन का नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन सकारात्मक पहल नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो अगले चरण में उग्र आंदोलन किया जाएगा।केकड़ी में अतिरिक्त जिला कलेक्टर को हरगोविन्द सिंह राठौड़ के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान प्रियंका शर्मा, सुदेश पाराशर, अंकित शर्मा, जयप्रकाश प्रजापत, खुशबू दाधीच सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।