केकड़ी। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर अपना रुतबा दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। सरवाड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम चण्डाली निवासी 36 वर्षीय गोविन्दराम पुत्र मंगलाराम को अवैध टोपीदार बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ रील बनाकर अपलोड कर रहा था, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल पैदा हो रहा था। पुलिस टीम गश्त एवं गुण्डा-बदमाशों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चण्डाली निवासी गोविन्दराम अवैध टोपीदार बंदूक लेकर घूम रहा है और सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो बनाकर वायरल कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने चण्डाली के झोपड़ा रोड स्थित जंगलात क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि उसने यह बंदूक चण्डाली निवासी नौरत बागरिया से सोशल मीडिया पर रील बनाने और अपना रुतबा बढ़ाने के लिए मांगी थी। पुलिस ने बंदूक जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील के निर्देशन और वृत्ताधिकारी केकड़ी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने की। कार्रवाई में थाना सरवाड़ एवं सोशल मीडिया सेल की टीम शामिल रही।