केकड़ी।  केकड़ी सदर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 43 किलो 500 ग्राम डोडा पोस्त के छिलके जब्त किए हैं। पुलिस ने मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडा पोस्त व वाहन की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 13 अगस्त को केकड़ी सदर थाना पुलिस ग्राम बोगला में नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुराने कोटा रोड, देवली की ओर से बोगला की तरफ आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने नाकाबंदी तोड़कर तेज गति से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने कार का पीछा कर कृष्ण गोपाल कालेड़ा पावर हाउस के पास उसे रुकवाया।कार की तलाशी लेने पर उसमें दो प्लास्टिक के कट्टों में 43 किलो 500 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के छिलके मिले। पुलिस ने मौके से महेन्द्र चोयल (20), हंसराज जाट (20), निवासी कटसुरा, थाना अराई, अजमेर तथा विकास बैरवा (23), निवासी सिंधोलिया, थाना लाम्बाहरिसिंह, टोंक को गिरफ्तार किया।पुलिस ने डोडा पोस्त और परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार नंबर RJ 42 CA 6709 जब्त कर प्रकरण संख्या 160/2026 में धारा 8/15(बी), 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सराना थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नाहरसिंह को सौंपी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील तथा वृत्ताधिकारी केकड़ी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश गोरा व पुलिस टीम ने की।