KEKRI
सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में 17 अप्रैल को पुष्कर में होगा भव्य आध्यात्मिक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
केकड़ी से मिली जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को पुष्कर स्थित गायत्री मणिवेदिक शक्तिपीठ में स्व. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में भव्य सम्मान समारोह और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। यह कार्यक्रम 43 दिवसीय गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ के तहत स्वामी प्रखर महाराज के सानिध्य में रात्रि 8 बजे से शुरू होगा। इस दौरान ‘श्री सुरेन्द्र दुबे स्मृति गीत रत्न सम्मान’ प्रदान किया जाएगा, जिसमें नकद राशि व प्रतीक चिन्ह शामिल हैं। देश के प्रतिष्ठित कवियों को पूर्व में यह सम्मान मिल चुका है और इस वर्ष के सम्मानित कवि की घोषणा जल्द होगी। आयोजन में देशभर के नामचीन कवि भाग लेंगे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व विद्वान शामिल होंगे।
Anmol Sen
Reporter
Apr 11, 2026 • 8:51 PM IST
केकड़ी 11 अप्रैल: विश्वविख्यात हास्य कवि एवं संवेदनशील गीतकार स्व. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति के परिप्रेक्ष्य में सुरेन्द्र दुबे स्मृति संस्थान' द्वारा भव्य सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन इस वर्ष 17 अप्रैल को पुष्कर स्थित गायत्री मणिवेदिक शक्तिपीठ पर स्वामी प्रखर महाराज के सानिध्य में हो रहे 43 दिवसीय गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ के अंतर्गत रात्रि 8 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर इस वर्ष का सुरेन्द्र दुबे स्मृति गीत रत्न सम्मान' प्रदान किया जाएगा। संस्थान के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि पुष्कर में प्रखर महाराज के सानिध्य में हो रहे इस ऐतिहासिक महायज्ञ के अवसर पर इस आयोजन से इसकी गरिमा और महत्ता और बढ़ेगी। सम्मान के निमित्त एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपए नगद एवं प्रतीक चिन्ह आदि दिए जाते हैं। देश भर में किसी कवि की स्मृति में व्यक्तिगत संस्थान द्वारा दिए जाने वाले पुरस्कारों में यह प्रतिष्ठित सम्मान है। अजमेर जिले के गुलगांव जैसे छोटे से गांव में पैदा हो कर पूरी दुनिया में अजमेर जिले का मान बढ़ाने वाले अप्रतिम हास्य कवि, गीतकार एवं साहित्यकार स्व. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति के इस सम्मान से अब तक देश के लब्ध प्रतिष्ठित कवियों को सम्मानित करने की परम्परा रही है।पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा-नई दिल्ली, प्रतिष्ठित फिल्मी गीतकार संतोष आनंद-नई दिल्ली, पद्मश्री अशोक चक्रधर-नई दिल्ली, डॉ. कीर्ति काले- नई दिल्ली, सत्यनारायण सत्तन- इंदौर, हरिओम पंवार- मेरठ, डॉ. विष्णु सक्सेना- अलीगढ़ को अब तक इस सम्मान से सम्मानित किया गया है। इस वर्ष के सम्मानित होने वाले कवि की शीघ्र घोषणा की जाएगी।संस्थान के सचिव डॉ. अविनाश दुबे ने बताया कि पुष्कर में गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ के अवसर पर इस आयोजन को करने से विद्वान और गुणी श्रोताओं की उपस्थिति एवं संबलन से कविता की मंच पर पुनर्स्थापना को नई दिशा मिलेगी। महायज्ञ के प्रणेता प्रखर महाराज के अनुसार कलयुग में पहली बार हो रहे इस महायज्ञ में देश भर के 2000 विद्वान पंडित 200 हवन वेदियों में आहूतियों के साथ 27 करोड़ गायत्री मंत्रों के जाप को पूर्ण करने की ओर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल सहित देश भर के नेता एवं तथा धर्म गुरु व आचार्य तथा हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन यज्ञ व जपशाला की प्रदीक्षणा कर रहे हैं। इस आयोजन में देश के नामचीन कविगण भाग लेंगे। महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है।