केकड़ी। अजमेर पुलिस की जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और केकड़ी सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो स्विफ्ट डिजायर कारों को जब्त कर 45 किलो 415 ग्राम डोडा पोस्ट बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो स्विफ्ट डिजायर कारों में डोडा पोस्ट भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर केकड़ी सदर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने गांव कालेड़ा स्थित पुरानी कोटा रोड पर पावर हाउस के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान देवली की ओर से आ रही कार संख्या आरजे-06-सीएच-1106 को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम कमल चौधरी निवासी अरांई बताया और स्वीकार किया कि वह पीछे आ रही दूसरी कार को एस्कॉर्ट कर रहा है।इसके बाद दूसरी स्विफ्ट कार यूपी-65-एफएल-6117 को रुकवाया गया। कार रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति बबूल की झाड़ियों में भाग निकला। चालक हरिराम उर्फ डिफ्टी निवासी सील, अरांई को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें डिग्गी से 45 किलो 415 ग्राम अवैध डोडा पोस्ट बरामद हुआ।पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर कमल चौधरी और हरिराम उर्फ डिफ्टी को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी की पहचान गणेश जाट निवासी छोटा लांबा, अरांई के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है। मामले में केकड़ी सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15 और 8/29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील के निर्देशन में की गई। इस सफल कार्रवाई का नेतृत्व डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत एवं केकड़ी सदर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने किया। टीम में रामनिवास, मुकेश टांडी, सुरेश चौधरी, जितेन्द्र सिंह, गजेन्द्र मीणा, कालूराम गुर्जर, ईश्वर, विश्राम मीणा, रमेश कुमार, विजय सिंह, जीतराम, रामजीलाल, अविनाश तथा छोटूलाल सहित पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।