केकड़ी: क्षेत्र के ग्राम मीणों का नयागांव में सरकारी भूमि पर बजरी अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सावर विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खसरा नंबर 1511/632 (5.32 हेक्टेयर), 1594/1577 (2.26 हेक्टेयर) एवं 1593/1577 (0.16 हेक्टेयर) की भूमि सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित है। इसके अलावा खसरा नंबर 403 व 404 बीसलपुर विस्थापितों के लिए चिन्हित भूमि है। आरोप है कि इन भूमियों पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से बजरी का स्टॉक कर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की मांग करने पर विवाद की स्थिति बन जाती है, जिससे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।प्रदर्शनकारियों के अनुसार हाल ही में अतिक्रमणकारियों ने रात्रि के समय बजरी हटा ली, जिसकी सूचना पुलिस अधीक्षक अजमेर एवं खनन विभाग को दी गई, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।धरने के दौरान पूर्व अध्यक्ष विश्वजीत सिंह ने आरोप लगाया कि ग्रामीण करीब एक घंटे तक एडीएम कार्यालय के बाहर बैठे रहे, लेकिन एडीएम चंद्रशेखर भंडारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे। इसके बाद विश्वजीत सिंह ने स्वयं एडीएम कक्ष के बाहर ज्ञापन रखकर विरोध दर्ज कराया और ग्रामीणों के साथ वापस लौट गए।