केकड़ी:  सावर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को 42.95 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब 8 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने महिला के कब्जे से स्मैक बिक्री से प्राप्त 1 लाख 31 हजार 450 रुपए नकद और स्मैक तौलने में इस्तेमाल किया जाने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया है। सावर थानाधिकारी उप निरीक्षक बनवारी लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम 20 जुलाई को कस्बे में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुशायता-पण्डेर रोड पर एक महिला की तलाशी ली गई। महिला के पास मौजूद बैग से अलग-अलग जिपर में रखा 42.95 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।पुलिस ने बताया कि महिला स्मैक को ग्राहकों को बेचने के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए थी। उसके कब्जे से बिक्री से प्राप्त 1,31,450 रुपए नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल स्मैक को तौलकर ग्राहकों को बेचने में किया जाता था।गिरफ्तार महिला की पहचान भावना पत्नी मनीष, उम्र 26 वर्ष, निवासी सांसी बस्ती सावर के रूप में हुई है।  एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच केकड़ी शहर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद को सौंपी गई है। पुलिस महिला से स्मैक की खरीद-फरोख्त और उससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।कार्रवाई में थानाधिकारी बनवारी लाल, सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल शंकर लाल, कांस्टेबल राकेश, महेंद्र, हरकेश, चालक कांस्टेबल लोकेश और महिला कांस्टेबल नाजमीन की सराहनीय भूमिका रही।