सरवाड़। अजमेर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरवाड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक अजमेर हरवर्धन अग्रवाला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उषा यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मीणा एवं वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में थाना प्रभारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के बल पर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिशुपाल गुर्जर (31) निवासी रामपाली, थाना केकड़ी सदर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी से बरामद हथियार की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत के संबंध में जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है।कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी रामपाल शर्मा, उपनिरीक्षक दुर्गालाल, हेड कांस्टेबल राजकिरण, कांस्टेबल दातार सिंह, हरिराम, नारायण तथा साइबर सेल अजमेर के हेड कांस्टेबल रामराज शामिल रहे।