वंदे गंगा जन जागरूकता अभियान का केकड़ी में भव्य शुभारंभ, जल संरक्षण को लेकर निकली कलश यात्रा
केकड़ी, 5 जून- विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा शुरू किए गए "वंदे गंगा जन संरक्षण जल संरक्षण अभियान" का केकड़ी से भव्य शुभारंभ
Govind Vaishnav
Chief Editor
Jun 05, 2025 • 1:40 AM IST
Share This Story
केकड़ी, 5 जून- विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा शुरू किए गए "वंदे गंगा जन संरक्षण जल संरक्षण अभियान" का केकड़ी से भव्य शुभारंभ हुआ। यह अभियान 5 जून से 20 जून तक चलेगा, जिसमें जल संरक्षण को लेकर प्रदेशभर में जनजागरूकता, श्रमदान, जल स्रोतों की सफाई और पौधरोपण जैसे अनेक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने ग्रामीण क्षेत्र के लसाडिया गांव एवं शहरी क्षेत्र के सतरंगी बावड़ी, कोर्ट प्रांगण और पोपसिंह का कुआं, घंटाघर से अभियान की शुरुआत की। उन्होंने सतरंगी बावड़ी में विधिवत पूजा-अर्चना की और जल स्रोतों के संरक्षण की अपील की।

लसाडिया गांव में पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा ने ग्रामीणों को आकर्षित किया। वहीं, शहरी क्षेत्र में सतरंगी बावड़ी से शुरू हुई यात्रा घंटाघर पर जाकर संपन्न हुई। इस यात्रा में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण और पॉलिथीन मुक्त केकड़ी बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जल और पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जन सहयोग से ही यह संकल्प साकार हो सकता है। कार्यक्रम में पॉलिथीन मुक्त केकड़ी अभियान के पोस्टर बेग का भी विधायक गौतम द्वारा विधिवत विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक का उपयोग बंद कर कपड़े व कागज की थैलियों को अपनाया जाए। यह न केवल पर्यावरण की रक्षा करेगा, बल्कि जल स्रोतों की सफाई और संरक्षण में भी मददगार होगा।
विधायक बोले – जल संकट नहीं हो आनेवाले कल का, यह तो आज का मुद्दा है
इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि जल की एक-एक बूंद अमूल्य है। “वंदे गंगा” जैसे अभियानों से हम अपनी परंपरागत जल संरचनाओं को पुनर्जीवित कर सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम में एडीएम चंद्रशेखर भंडारी, उपखंड अधिकारी सुभाष चंद्र हेमानी, नगर परिषद आयुक्त मनोज मीणा, सभापति कमलेश साहू, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र चौधरी, शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, बावन मंडल अध्यक्ष राजवीर हावा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रदेशभर में जल प्रबंधन ढांचे को मिलेगी नई ताकत
जल संसाधन विभाग की ओर से इस अभियान के तहत 345 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है। इनमें जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, जलाशयों का पुनरुद्धार, बांध, एनीकट, नहरों की मरम्मत, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संवर्धन से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से न केवल सिंचाई क्षमता का विस्तार होगा बल्कि बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

Morning Digest ☀️
Get the day's biggest stories delivered to your inbox every morning at 7 AM
Related Stories
पिंजरे में कैद हुआ पैंथर, 14 बकरियों पर हमले के बाद वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
देशवाली पंचायत चौरासी की बैठक में अतीक तंवर बने जिला उपाध्यक्ष
6.730 किलो डोडा पोस्त पाउडर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
श्री सुधासागर स्कूल के होनहार विद्यार्थियों ने कायम किया ऐतिहासिक व अभूतपूर्व कीर्तिमान
पिंजरे में कैद हुआ पैंथर, 14 बकरियों पर हमले के बाद वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
1 month ago
श्री सुधासागर स्कूल के होनहार विद्यार्थियों ने कायम किया ऐतिहासिक व अभूतपूर्व कीर्तिमान
2 months ago