केकड़ी- अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 135 ग्राम डोडा पोस्त जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक एल्टो कार भी जब्त की है। बरामद मादक पदार्थ व वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी केकड़ी सदर जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को गश्त के दौरान भीमडावास से कादेड़ा मार्ग पर काचरिया गांव के पास एक संदिग्ध एल्टो कार (RJ 42 CA 6176) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 20 किलो 135 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से शिशूपाल गुर्जर (चित्तौड़गढ़), सुनील धाकड़ व जयलाल (दोनों निवासी नीमच, मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल को सौंपी गई है। कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक सम्पतराज, विजय सिंह, हितेश एवं रामजीलाल शामिल रहे।