केकड़ी, 25 मार्च। शहर के देवगांव गेट स्थित सांसी बस्ती (माता जगदंबा मंदिर) में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, नगर केकड़ी के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ओमकार मंत्र, एकात्मता मंत्र एवं विजय महामंत्र के उच्चारण के साथ हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। मुख्य वक्ता सीमा सोनी ने भगवान श्रीराम के जीवन को त्याग, मर्यादा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का आदर्श बताते हुए उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों में संस्कार विकसित करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने पर जोर दिया।मुख्य अतिथि बन्नी देवी सांसी ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। इस दौरान अजमेर जिला उपाध्यक्ष चांदमल जैन, काशीराम, रामावतार चौधरी, देवेंद्र प्रताप सिंह, मुकेश शर्मा (एडवोकेट), ओमप्रकाश सोनी, राजेंद्र फतेहपुरिया, पृथ्वीराज जीनगर, दिनेश वैष्णव, जगेश्वर प्रसाद शर्मा, शैतान सांसी, मदन गोपाल चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन काशीराम विजय ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त किया।